धनबाद। सदर अस्पताल के सरकारी चिकित्सक डॉ राकेश कुमार के वायरल वीडियो ने धनबाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य महकमा में बवाल कर दिया है। वीडियो वायरल करने को लेकर विधायक राज सिन्हा ने इसकी शिकायत स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव से की थी। अब अपर सचिव के निर्देश के बाद धनबाद उपायुक्त संदीप सिंह ने मामले की जांच का निर्देश सिविल सर्जन को दिया है। हाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इधर, वीडियो को लेकर चिकित्सक समुदाय में चर्चा है। ज्यादातर चिकित्सक डा. कुमार के कृत्य को गलत करार रहे हैं।
प्रधानमंत्री को जोड़ते हुए बनाई हुई है आपत्तिजनक वीडियो
वायरल वीडियो में मोतियाबिंद से तुलना की गई है। इस पर तरह-तरह के बात कहे गए हैं। 17 सितंबर प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर मेडिकल कॉलेज के ग्रुप में डॉक्टरों ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी थी। इसी क्रम में सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ राकेश कुमार आपत्तिजनक वीडियो डाल दिया। वीडियो वायरल करने के बाद चिकित्सकों में आपसी मतभेद शुरू हो गए। घूमते-फिरते यह वीडियो विधायक राज सिन्हा के पास पहुंच गया। विधायक राज सिन्हा ने इसे आपत्तिजनक मानते कार्रवाई की मांग कर दी। इसके बाद सियासी रंग भी इस पर चढ़ गया।

