जमशेदपुर: एमजीएम थाना अंतर्गत कालाझोर गांव में प्रेमी जोड़े ने आम के पेड़ से धोती के सहारे फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। वहीं घटना की जानकारी परिजनों को गुरुवार की सुबह लगभग 7 बजे तब हुई जब ग्रामीणों ने घर पर आकर उन्हें मामले की जानकारी दी। जिसके बाद दोनों के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की सूचना थाने को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शव को पेड़ से उतारकर एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच कर दोनों को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा कर दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। मृतकों में 18 वर्षीय प्रेमिका रीना सिंह और 21 वर्षीय प्रेमी कुश सिंह शामिल है। मामले में सूत्रों से पता चला है कि दोनों के बीच बीते एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों शादी भी करना चाहते थे। मगर दोनों परिवार के बीच सहमति ना होने के कारण उनकी शादी ना हो सकी। जिसके बाद दोनों ने आत्महत्या करने का फैसला किया और एक साथ फंदे पर लटककर जान दे दी। वहीं मामले में प्रेमिका के पिता समीर सिंह ने कहा कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था और दोनों शादी भी करना चाहते थे। मगर इस बात की जानकारी हमें नहीं दी। दोनों ने आत्महत्या क्यों की इसके बारे में मैं नहीं बता सकता। जबकि प्रेमी के बड़े भाई लव सिंह ने कहा कि दोनों का आपस में प्रेम प्रसंग था। मगर भाई ने उससे शादी करने की बात नहीं बताई। दोनों ने आत्महत्या क्यों की, यह हमारी समझ में नहीं आ रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

