धनबाद: कुल्टी थाना के बराकर फांडी पुलिस की हिरासत में लिए गए युवक अरमान अंसारी 23 की मौत के बाद मंगलवार को बराकर फाडी के आसपास का इलाका रणक्षेत्र बन गया। आक्रोशित लोगों ने एक पुलिस वाहन में आग लगाने के साथ पथराव किया। आक्रोशित लोगों को काबू में करने के लिए पुलिस ने कई बार लाठीचार्ज किया। तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस को लगाया गया है।
बताया जाता है कि लूट के एक मामले में सोमवार रात को बराकर पुलिस ने अरमान को गिरफ्तार किया। इसके बाद सुबह अरमान के घर पुलिस ने फोन कर बताया कि उसकी तबीयत खराब हो गई है। बाद में पता चला कि आसनसोल जिला अस्पताल में इलाज कज दौरान अरमान की मौत हो गई।बराकर में यह सूचना पहुंचते ही सैकड़ों की संख्या में लोग सडक पर आ गए और बेगुनिया मोड,बराकर फांडी मोड को जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। बराकर पुलिस के समझाने पर भी लोग जब नही माने तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने पथराव शुरू कर दिया और एक पुलिस वाहन में आग लगा दी।जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर लोगों को खदेडा। इलाके में अभी भी लोग जमा है, जिससे तनाव व्याप्त है।

