झारखंड के दुमका में बड़ा सड़क हादसा हो गया। जरमुंडी थाना क्षेत्र के जमुआ-दुधानी के बीच NH-114 A पर बिहार के यात्रियों से भरी बस पलट गई। इसमें बस में सवार कुल 35 यात्री घायल हाे गए। गंभीर रूप से घायल 9 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। घटना सोमवार रात करीब 10 बजे की है।
बताया जा रहा है कि सभी यात्री बिहार के नालंदा जिले के अस्थमा गांव के रहने वाले हैं। यह बाबा बासुकीनाथ की पूजा कर लौट रहे थे। लंबे समय से वाहन चलाने के कारण ड्राइवर थक गया था। बस वापस लेकर लौटने के दौरान उसको झपकी आ गई और वाहन का एक चक्का गड्ढे में चला गया। इससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि चालक ने शराब पी रखी थी। इस कारण हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद कुछ यात्री खुद बाहर निकले। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला।
बाद में लोगों ने स्थानीय विधायक सह कृषि मंत्री बादल पत्रलेख को मामले की सूचना दी। मंत्री के निर्देश पर अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को दुर्घटना स्थल से उठाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। नौ घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद घायलों के परिजनों को इसकी सूचना दी गई।
मंगलवार सुबह घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं। मौके पर जरमुंडी BDO फुलेश्वर मुर्मू, जरमुंडी CO राजकुमार प्रसाद, बासुकीनाथ नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी आशुतोष ओझा, उपाध्यक्ष अमित कुमार साह उर्फ छोटू साह भी मौजूद थे।
दुर्घटना में यह यात्री हुए घायल
बस दुर्घटना में खुशी कुमारी, कृतिका कुमारी, कुसमी देवी, मिथुन कुमार, बसंती देवी, शांति देवी, मीना देवी, उपेंद्र पासवान, सुमित्रा देवी, कुंती देवी, रुकवा देवी, रेखा देवी, माया देवी, संजू देवी, राजकुमारी देवी, श्यामफूल कुमारी, कल्याणी कुमारी, यशोदा देवी, बेबी देवी, करिश्मा कुमारी, शैला देवी, पिंकी देवी, कांति देवी, पंचा देवी, वीरू देवी, फुलो देवी, आकाश कुमार, संजय पासवान, संजू देवी, कुंती देवी, माया देवी, दुलारी देवी, राजकुमारी देवी, रंजू देवी सहित कुल 35 यात्री घायल हो गए। इनमें से गंभीर रूप से घायलों में खुशी कुमारी, कृतिका कुमारी, कुसमी देवी, मिथुन कुमार, शांति देवी, शीला देवी, मीना देवी एवं उपेंद्र पासवान का नाम शामिल है।

