रांची एयरपाेर्ट के डायरेक्टर विनाेद शर्मा ने कहा कि बाेकाराे एयरपाेर्ट से अक्टूबर में विमान सेवा शुरू हाेगी। इसके लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कुछ छाेटे-माेटे काम बचे हैं, जिन्हें जल्द पूरा कर लिया जाएगा। वे शुक्रवार काे बाेकाराे हवाई अड्डे का निरीक्षण करने गए थे। उन्हाेंने कहा कि विमान सेवा शुरू करने के लिए टर्मिनल बिल्डिंग, यात्री लाउंज, सिक्याेरिटी इक्विपमेंट, एटीसी टावर, रनवे, सीसीटीवी कैमरे और चहारदीवारी का काम पूरा हाे गया है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था पर काम हाे रहा है, क्याेंकि यह सबसे अहम काम है।
एयरपाेर्ट की सुरक्षा काे लेकर ब्यूराे ऑफ सिविल एविएशन एंड सिक्याेरिटी की पूरी टीम ने पुलिस के साथ बैठक की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। एक सप्ताह पहले काेलकाता से भी एक टीम आई थी, जिसने एयरपाेर्ट पर एटीसी टावर काे इंस्टाॅल किया था। यहां रनवे पर 13 कराेड़, पैसेंजर लाउंज पर 13 कराेड़ और बाउंड्रीवाॅल पर 7 कराेड़ रुपए खर्च किए गए हैं।
पहले 72 सीटर विमान शुरू करने की तैयारी
शुरुआत में यहां से 72 सीटर विमान सेवा शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए विस्तारा, इंडिगाे और गाे एयर से बात चल रही है। तीनाें कंपनियां यहां से दिल्ली, काेलकाता और पटना के लिए विमान सेवा शुरू करेगी। शुरुआत में विमान कंपनियां यात्रियाें काे कई तरह की सुविधाएं देंगी। सुबह यात्रा करने वालाें काे ब्रेकफास्ट और दाेपहर में यात्रा करने वालाें काे लंच पैकेट दिए जाएंगे। बच्चाें के लिए टाॅफी की भी व्यवस्था हाेगी। शुरुआती चरण में ये सेवाएं मुफ्त रहेंगी।

