जमशेदपुर: साइबर ठग समय के साथ साथ खाते से रुपए उड़ाने का तरीका भी बदल रहे हैं और कुछ माह से बिजली कनेक्शन काटने का झांसा देकर रुपए उड़ाने का खेल शहर में ही नहीं बल्कि पूरे कोल्हान में चल रहा है। कुछ ऐसा ही मामला परसुडीह गंतइडीह निवासी सिदो चरण बेसरा के साथ घटी है। उनके खाते से साइबर ठगों ने 70 हजार रुपए उड़ा लिये। जिसके बाद वे मामले की शिकायत करने बिष्टुपुर स्थित साइबर थाने पर पहुंचे। वहीं शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले में सिदो चरण बेसरा ने बताया कि 19 जून को उनके मोबाइल पर मैसेज आया था। जिसमें लिखा था कि बिजली बिल बकाया है और जिसके कारण पावर काट दी जाएगी।
एसएमएस पर नजर पड़ते ही सिदो ने उक्त नंबर 8249476618 पर फोन कर बातचीत की तो साइबर ठग ने खुद को बिजली विभाग का अधिकारी बताया। साथ ही उसने 30 रुपए का भुगतान करने के लिए कहा और इसके लिए क्विक सपोर्ट एप डाउनलोड करने की बात भी कही। एप डाउन लोड कर सिदो ने 30 रुपए का भुगतान कर दिया। जबकि एप डाउनलोड करने के बाद पहले खाते से 50 हजार रुपए की निकासी कर ली गई और फिर उसके बाद 20 हजार रुपए साइबर ठगों ने उड़ा लिये। वहीं जब सिदो ने उक्त नंबर पर फोन किया तो वह काम नहीं कर रहा था। सिदो का कहना है कि जिस खाते से रुपए की निकासी की गई है वह एसबीआई सुंदरनगर तुरामडीह शाखा का है।

