रांची: रांची आरपीएफ पोस्ट को रांची रेलवे स्टेशन पर बड़ी सफलता मिली है। स्टेशन परिसर में बीयर की बोतलों से भरा बैग एक यात्री के पास से बरामद किया गया है। इसमें 24 बोतल बीयर थी। इसकी कीमत 3120 रुपये बताई जा रही है। दरहसल रांची स्टेशन पर एक यात्री अपने साथ एक बैग लेकर खड़ा था। वह काफी बेचैन दिख रहा था। बार-बार किसी को फोन कर रहा था। उसकी बेचैनी देखकर आरपीएफ को संदेह हुआ। उसके बाद उस पर नजर रखी जाने लगी।
आधे घंटे बाद जब स्टेशन पर ट्रेन पहुंची, तो आरपीएफ ने तत्काल उसे ट्रेन पर चढ़ने से रोक लिया। उसके बैग की तलाशी ली गई। बैग में बीयर का बोतल रखा हुआ था। आरोपी धर्मवीर से पूछे जाने पर वह कोई उचित कारण नहीं बता सका। वह ट्रेन में इस प्रतिबंधित सामग्री को ले जाने के लिए कोई कानूनी रसीद या दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह शराब को बिक्री के उद्देश्य से ले जा रहा था। धर्मवीर कुमार की उम्र 21 वर्ष बताई गई है। वह बख्तियारपुर, पटना, बिहार का रहने वाला है।
उपरोक्त बीयर के अवैध रूप से ले जाने की पुष्टि पर आरपीएफ पोस्ट रांची के एएसआइ शक्ति कुमार ने सभी 24 बीयर बोतल को जब्त कर लिया। उपलब्ध गवाहों और उपरोक्त व्यक्ति की उपस्थिति में उसे कानूनी कार्रवाई के लिए आरपीएफ पोस्ट रांची लाया गया। इस घटना के बाद यह सवाल पैदा हो गया है कि रांची रेलवे स्टेशन पर स्कैनर की व्यवस्था होने के बावजूद यात्री धर्मवीर आखिर बोतलों से भरा बैग लेकर कैसे प्रवेश कर गया। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी कैमरे की छानबीन की गई, लेकिन इस संबंध में कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी कि आखिर यात्री बोतलों से भरा बैग लेकर स्टेशन कैसे पहुंच गया।

