बोकारो के बेरमो में कोयला खदान में अवैध तरीके से प्रवेश कर चोरी के दौरान हादसा हुआ है। इसमें एक शख्स की मौत हो गई है। CCL जारंगडीह परियोजना की बंद पड़ी पांच नंबर भूमिगत खदान से लोहे की चोरी की जा रही थी। इसी दौरान अचानक चाल धंसने से यह दुर्घटना हो गई। कुछ लोगों के खदान के अंदर फंसे होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। दावा किया जा रहा है कि माइंस में अवैध खनन करने वाले लोग एक शव लेकर भाग गए हैं। इसके अलावा दो घायलों को भी निकालकर ले गए हैं।
घटना स्थल पर CCL के अधिकारियों के साथ पुलिस-प्रशासन की टीम पहुंच गई है। राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। घटना में मौत, लोगों के घायल होने या फंसे होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही CCL की रेस्क्यू टीम मौके के लिए रवाना हो गई। इस दौरान बोकारो थर्मल थाना की पुलिस ने मौके से चोरी का पांच टन लोहा बरामद किया है। सुनसान इलाका होने की वजह से घटना की जानकारी लोगों को देर से मिली।
CCL अधिकारी और पुलिस-प्रशासन का कहना है कि इस बात पुख्ता प्रमाण नहीं मिल रहा है कि अंदर किसी की मौत हुई है, या कोई फंसा हुआ है। रेस्क्यू टीम के आने के बाद ही सही तथ्यों का पता चल सकेगा। बताया जा रहा है कि चोर लोहा काट रहे थे। इससे यह घटना होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर बोकारो थर्मल के इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार सिंह, CCL जारंगडीह कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी नवल किशोर दुबे, मैनेजर दुर्गेश कुमार सिन्हा, साइडिंग मैनेजर देवानंदन प्रसाद, SI विक्रांत मुंडा अजय यादव, ASI बिनोद कुमार मुंडा, CCL कथारा जीएम यूनिट के सुरक्षा इंचार्ज महामाया प्रसाद आदि सहित पुलिस जवान और CCLसुरक्षाकर्मी भारी संख्या में मौजूद हैं।
