बोकारो सिटी सेंटर के हर्षवर्धन प्लाजा स्थित गणपति ज्वेलर्स से रविवार (08 मई, 2022) को जमशेदपुर के बागबेड़ा रेलवे कॉलोनी का शातिर अपराधी विभाष पासवान अपने छह साथियों के साथ 20 लाख के गहने और 75 हजार रुपये की लूट की. पिस्तौल का डर दिखाकर घटना को अंजाम दिया गया. घटना के बाद विभाष समेत उसके पांच साथी फरार हो गये, जबकि दो साथी को पुलिस ने गिरफ्तार किया था. गिरफ्तार युवकों में मुजफ्फरपुर निवासी रितिक रोशन और हजारीबाग निवासी राजकुमार चौधरी शामिल है.
विभाष पासवान है गिरोह का सरगना
गिरफ्तार युवकों के पास से लोडेड पिस्तौल, तीन गोली और सोने की पांच झुमका बरामद किया गया. पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने गिरोह का सरगना विभाष को बताया. आरोपियों ने कहा कि गणपति ज्वेलर्स में घटना को अंजाम देने की योजना विभाष ने बनायी थी. लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद गहनों से भरा बैग विभाष लेकर फरार हो गया. इधर, पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया.
लूट की घटना में ये थे शामिल
घटना में विभाष पासवान के साथ रितिक रोशन, राजकुमार चौधरी, बिट्टू सोनार, संतोष विश्वकर्मा, महेंद्र चौधरी और विष्णु महतो शामिल था. विभाष, रितिक रोशन और फतुआ निवासी विष्णु महतो के साथ रविवार को बस से बिहारशरीफ से बोकारो आया था. इसके बाद तीनों बोकारो के सेक्टर-चार पहुंचे.

