रांची: झारखंड भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक गुरुवार को होगी. इसमें प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा राष्ट्रीय स्तर के पार्टी पदाधिकारी भी शामिल होंगे. बैठक में सांगठनिक विस्तार के साथ-साथ भावी कार्यक्रम भी तय किये जायेंगे. कार्यसमिति की बैठक से पूर्व कोर कमेटी की बैठक होगी. कार्यसमिति की बैठक तीन सत्र में आयोजित किये जायेंगे. संभावना यह भी है कि पार्टी सांसदों व विधायकों को विशेष टास्क भी दिये जा सकते हैं.
कार्यसमिति की बैठक में राज्य सरकार द्वारा जनहित में कार्य नहीं किये जा रहे हैं, इसके खिलाफ आंदोलन की रणनीति की रूपरेखा तय की जायेगी. इसके अलावा संभावित नगर निकाय चुनाव को लेकर भी चर्चा की जायेगी. युवाओं को रोजगार, भाजपा नेताओं को झूठे मुकदमे में फंसाये जाने के खिलाफ भी रणनीति तय की जायेगी.
बैठक में केंद्र सरकार द्वारा किये गये कार्यों को जनता तक पहुंचाने के लिए मंडल स्तर तक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जा सकती है. इसके अलावा वैक्सीनेशन को गति देने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को भी टास्क दिया जा सकता है. सत्ताधारी दल के विधायकों की ओर से लगातार हो रही मारपीट की घटना को लेकर भी चर्चा होगी. इसके लिए भाजपा जनमत किस प्रकार से तैयार करें इसको लेकर रणनीति पर चर्चा होगी. केंद्र सरकार द्वारा चलाये जा रहे कार्यक्रमों को लेकर पार्टी किस तरह से जनता के बीच जायेगी, इस दिशा में भी विस्तार से चर्चा होगी.

