रांची: पेट्रोल-डीजल तथा रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोत्तरी के खिलाफ देशव्यापी विरोध कार्यक्रम के तहत कल 19 जुलाई को राज्यभर में पेट्रोल पंप के समक्ष हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा. यह कार्यक्रम झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव के निर्देश पर हो रहा है. इस कार्यक्रम में पार्टी के सभी सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, और वरिष्ठ पदाधिकारी तथा विभिन्न मोर्चा-विभागों के नेता-कार्यकर्त्ता सोशल डिस्टेसिंग और कोविड-19 को लेकर जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए हस्ताक्षर अभियान में हिस्सा लेंगे.
बताया गया कि कांग्रेस पार्टी की ओर से इस मुद्दे को लेकर देशव्यापी कार्यक्रम चलाया जा रहा है, सोनिया-गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी जनभागीदारी से इसे जनआंदोलन बनाने में जुटी है और जब तक पेट्रोल-डीजल की कीमत में बढ़ोत्तरी को वापस नहीं ले लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. पार्टी प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव व डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने सामूहिक रूप से कहा कि एक सर्वे के अनुसार देश में 79 प्रतिशत परिवारों की आमदनी में पिछले वर्ष की तुलना में कम हुई है, लेकिन खर्च में बढ़ोत्तरी हुई है. वहीं लोगों का बचत भी 49 प्रतिशत घट गया है. प्रवक्ताओं ने कहा कि पिछले एक वर्ष में पेट्रोल की कीमत में 25 फीसदी और डीजल की कीमतों में 11 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है, जिससे पूरे देश की आर्थिक व्यवस्था चरमरा गयी है.

