धनबाद : ओवरमैन की परीक्षा पास कर चुके माइनिग सरदारों की पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। बीसीसीएल के कार्मिक व औद्योगिक संबंध महाप्रबंधक एसएन सिन्हा ने बुधवार को सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधकों को पत्र जारी किया है। इसमें कहा गया है कि ऐसे माइनिग सरदार जिन्होंने ओवरमैनशिप का डिप्लोमा कर लिया है और खान सुरक्षा महानिदेशालय का प्रमाण पत्र पास कर लिया है, उनका विवरण मुख्यालय को भेजें।
सिन्हा ने 30 जुलाई तक उनका विवरण भेजने को कहा गया है। ऐसे अभ्यर्थियों को गैस टेस्टिग व फर्स्ट एड का प्रमाण पत्र भी जमा करना होगा। ऐसे माइनिग सरदारों को जूनियर ओवरमैन के पद पर पदोन्नति दी जा सकेगी। बता दें कि हाल ही में कंपनी ने जेनरल मजदूरों को माइनिग सरदार के पद पर पदोन्नति की ऐसी ही प्रक्रिया शुरू की थी। प्रबंधन का जताया आभार : इनमोसा के उप महामंत्री कुश कुमार सिंह ने आभार जताते हुए कहा है कि काफी दिनों से इनमोसा की यह मांग थी।
तकरीबन 75 से अधिक ऐसे माइनिग सरदार हैं, जिन्होंने ओवरमैन की परीक्षा पास कर ली है लेकिन उन्हें पदोन्नति नहीं मिल रही थी। पिछले 10 वर्षों से पदोन्नति प्रक्रिया बाधित थी। अब कंपनी ने यह निर्णय लेकर बेहतर कदम उठाया है। इससे माइनिग सरदार व ओवरमैन की कमी दूर होगी व सुरक्षित खनन संभव हो सकेगा। डीजीएमएस भी इन दो तकनीकी पदों की कमी दूर करने को कहता रहा था। इस मुद्दे पर महाप्रबंधक से मिलने वालों में केंद्रीय सदस्य एमपी चौहान, अशोक कनौजिया, विजय यादव, यशवंत सिंह, पार्थ मंडल मौजूद थे।

