जमशेदपुर: एमजीएम थाना अंतर्गत मानगो आनंद विहार कॉलोनी में विशाल राव के घर में शनिवार की दोपहर लगभग 12 बजे दो लड़के आए। उस वक्त विशाल घर पर नहीं थे। उनकी पत्नी अंजना राव घर पर अपनी बूढ़ी सास के साथ थी। इस दौरान बदमाशों ने दरवाजा खटखटाया। जैसे ही अंजना राव ने दरवाजा खोला, वैसे ही अपराधियों ने उनपर दवा का छिड़काव कर दिया। जिससे अंजना राव बेसुध हो गई। जिसके बाद बदमाशों ने अंजना राव को कहा कि हम लोग सोने की सफाई करने वाले हैं और आप अपना पहना हुआ गाना दीजिए हम उसे चमका देंगे। इस बीच अंजना को कुछ समझ में नहीं आया और उसने अपने सारे गहने चेन, लॉकेट और अंगूठी उन्हें दे दिए। वहीं जब अंजना राव को गले से सोने का चेन खोलने में असुविधा हो रही थी तो अपराधियों ने स्वयं अपने हाथ से चेन खोल लिया। जिसके बाद पलक झपकते ही प्लास्टिक का पैकेट देते हुए अपराधियों ने कहा कि आपको गैस हो गया है और दवा हम लोग दे देंगे। इस पैकेट में आपका जेवर रख दिए हैं। आप अपना जेवर ले लीजिएगा। वहीं 5 मिनट बाद जब अंजना को थोड़ा ठीक लगा तो उसने प्लास्टिक का पैकेट खोला तो देखा कि उसमें चावल और रंग भरा हुआ है। जिसके बाद उसने इसकी सूचना अपने पति विशाल राव को दी। सूचना पाकर विशाल घर पहुंचे। जिसके बाद इसकी जानकारी भाजपा नेता विकास सिंह को फोन कर दी। सूचना मिलने पर भाजपा नेता विकास सिंह और उलीडीह मंडल अध्यक्ष अमरिंदर पासवान उसके घर पहुंचे। साथ ही मामले की जानकारी थाने में फोन कर दी। विशाल राव प्लांटेशन का कार्य करते हैं। वहीं मामले में विकास सिंह ने कहा कि अपराधी बेलगाम हो गए और अब पुलिस प्रशासन के नाम का भय अपराधियों में नहीं रहा। दिनदहाड़े घनी आबादी के बीच घटना को अंजाम देना पुलिस को चुनौती देना है। जबकि सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच कर थाने में लिखित आवेदन देने के लिए कहा।

