मुंबई से रांची आ रही एयर एशिया की फ्लाइट रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हाेने से बाल-बाल बची। गुरुवार को एयर एशिया की फ्लाइट में रनवे पर उतरने के दाैरान यात्रियों को तेज झटके लगे, जिससे विमान में बैठे यात्री चिल्लाने लगे।
यात्रियों ने बताया कि अचानक लगे ब्रेक से तेज झटका लगा, इसकी वजह से विमान में सवार 110 यात्रियों की जान हलक में आ गई। एप्रन पर विमान काे लाने के बाद विमान की चेकिंग की गई ताे विमान के लैडिंग गियर से ऑयल लीकेज पाया गया। इसके अलावा भी विमान में कई तकनीकी खराबी की बात सामने आई।
इसके कारण विमान काे 6 घंटे तक ग्राउंडेड करने का निर्णय लिया गया। इसकी वजह से विमान ने शाम छह बजे रांची से मुंबई के लिए उड़ान भरी। इस मामले में एयरपोर्ट के अफसरों ने बताया, ‘हार्ड लैडिंग की जांच रिपोर्ट मुख्यालय और DGCA काे भेजी जाएगी।’
कई यात्रियों को कैंसिल करनी पड़ी अपनी यात्रा
बोर्डिंग के लिए तैयार यात्रियों काे जब यह बताया गया कि विमान में तकनीकी खराबी की वजह से मुंबई के लिए उड़ान नहीं भरेगी। उसके बाद जिन यात्रियों काे मुंबई से दूसरी जगह के लिए फ्लाइट पकड़नी थी, उनके लिए मुश्किल खड़ी हो गई। यात्रियों ने बताया कि मुंबई से उनकी कनेक्टिंग फ्लाइट छूट जाएगी। बाद में एयरलाइंस कंपनी ने तकनीकी कारणों का हवाला देकर पैसेंजर्स को शांत कराया। कई यात्रियों ने अपनी यात्रा कैंसिल भी कर दी।

