झारखंड सीएम हेमंत सोरेन गुरुवार को छत्तीसगढ़ के रायपुर पहुंचे. रायपुर स्थित साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित आदिवासी नृत्य महोत्सव एवं राज्योत्सव 2021 के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुई. झारखंड सीएम श्री सोरेन ने इस समारोह के लिए छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल की सराहना भी की. इससे पहले पत्रकारों से बात करते हुए नक्सलवाद पर रोकथाम के लिए छत्तीसगढ़ के साथ मिलकर काम करने की बात दोहरायी.
रायपुर में आदिवासी नृत्य महोत्सव एवं राज्योत्सव 2021 के उद्घाटन समारोह में शामिल होने पर झारखंड सीएम हेमंत सोरेन ने छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल को इस कार्यक्रम के लिए बधाई दी है. श्री सोरेन ने कहा कि इस तरह के आयोजन से अपनी सभ्यता-संस्कृति को देश-दुनिया के सामने पहुंचाने का बेहतर अवसर मिलेगा. उन्होंने आदिवासी नृत्य महोत्सव एवं राज्योत्सव 2021 समारोह की प्रशंसा की.
इससे पहले रायपुर पहुंचने पर झारखंड सीएम ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि नक्सलवाद पर काबू पाने में विभिन्न राज्य लगे हुए हैं. नक्सल की समस्या सिर्फ झारखंड और छत्तीसगढ़ की नहीं है, बल्कि यह पूरे देश की समस्या है. नक्सलवाद की रोकथाम को लेकर झारखंड और छत्तीसगढ़ दोनों राज्य साथ मिलकर काम करते रहेंगे. भविष्य में इस दिशा में और बेहतर कार्य दिखेगा.
इधर, आदिवासी नृत्य महोत्सव एवं राज्योत्सव 2021 के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि रायपुर पहुंचने पर झारखंड सीएम श्री सोरेन का भव्य स्वागत हुआ, वहीं छत्तीसगढ़ के कलाकारों ने गौर सिंग और पारंपरिक वाद्य यंत्र मांदर भेंट किया. दूसरी ओर, झारखंड के कलाकारों ने भी छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल और झारखंड सीएम श्री सोरेन को अंगवस्त्र भेंट किये.

