पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो प्रखंड स्थित सेरेंगसिया के फुटबॉल मैदान में शुक्रवार को आपके अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सेरेंगेसिया के वीर शहीद पोटो हो के शहीद स्थल पर शहीदों को नमन व श्रद्धांजलि अर्पित कर की. साथ ही सेरेंगेसिया के वीर शहीद पोटो हो के बंशज के 13 लोगों को सम्मानित भी किया.
इस दौरान सीएम श्री सोरेन ने जहां 7 करोड़ 78 लाख 90 हजार 743 रुपये की लागत से 16 योजनाओं का शिलान्यास किया, वहीं शिलापट्ट का अनावरण कर एक करोड़ 8 लाख 66 हजार 373 रुपये की लागत से निर्मित 2 योजनाओं का लोकार्पण भी किया. इस दौरान सीएम ने कहा कि राज्य में पिछले 20 साल से नौकरी के लिये कोई कानून नहीं बना था. अब नियुक्ति की नियमावली बन रही है.
उन्होंने कहा कि अब पेंशन के लिए विधवा और बुजुर्ग आदि को प्रखंड और जिला कार्यालय का चक्का नहीं लगाना पड़ेगा. विधवा, बुजुर्ग व दिव्यांग भी अब सम्मान से जियें, इसके लिए कानून बनाया गया है. अब उन्हें पंचायत में ही पेंशन मिलेगा. उनकी हर समस्याओं का समाधान अपने ही पंचायत में हो जायेगा.

