राजधानी रांची में शुक्रवार को एक धर्म विशेष के लोगों द्वारा विरोध प्रदर्शन के बाद हिंसा की घटना घटी है. घटना में कई पुलिसकर्मी और आम लोग घायल हुए हैं. इसे लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरी चिंता जतायी है. उन्होंने कहा है कि यह घटना निश्चित रूप से चिंता का विषय है. सभी लोगों से अपील है कि वे शांति बनाये रखें. सीएम ने यह भी कहा है कि लोग ऐसी किसी घटना को अंजाम न दें, जिससे कि वे जुर्म के भागीदार बनें.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज हम सुनियोजित तरीके से ऐसी शक्तियों का शिकार हो रहे हैं, जिसका परिणाम हम सब को भुगतना पड़ रहा है. झारखंड की जनता हमेशा संवेदनशील और शांतिप्रिय रही है. वर्तमान हालत में हम एक परीक्षा की घड़ी से गुजर रहे हैं. आज जरूरत है कि हम धैर्य नहीं खोये. सीएम हेमंत ने कहा कि कानून में स्पष्ट उल्लेख है कि जो जुर्म करता है, उसे सजा भी मिलनी चाहिए. इसलिए सभी से उनकी अपील है कि वे ऐसी किसी घटना को अंजाम नहीं दें.

