कलुस्कीगंज थाना क्षेत्र के गंझूटोला के निकट सड़क बनवा रहे पेटीदार माणिक साहू को तीन अज्ञात युवकों ने गोली मार दी। यह घटना आज गुरुवार करीब 10:45 बजे की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार माणिक साहू गंझूटोला-धमधमिया रोड में एक रेलवे क्रॉसिंग के कमरे में बैठे थे। इसी बीच तीन युवक एक बाइक से आए और गोली चला दी। गोली माणिक के दाहिने पैर में लगी। गोली चलाने के बाद अपराधियों ने पिस्टल के बट से माणिक के सिर पर हमला किया। पिस्टल के बट से मारने की वजह से उनका सिर फट गया। रोकने में उनका हाथ भी जख्मी हो गया। इस घटना को अंजाम देने के बाद तीनों युवक वहां से फरार हो गए। इस घटना की जिम्मेदारी नक्सली संगठन पीएलएफआई ने ली है।
घटना के बाद वहां मौजूद लोगों के द्वारा माणिक को तुरंत डकरा स्थित सीसीएल सेंट्रल अस्पताल लाया गया। सीसीएल सेंट्रल अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद माणिक साहू को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया। बताया गया कि माणिक के पैर में ही गोली फंसा हुआ है। हालांकि माणिक साहू खतरे से बाहर है।

