रांची: लोअर बाजार थाना क्षेत्र के चर्च रोड स्थित एक गारमेंट दुकान में गुरुवार की देर रात आग लग गई। इसमें कई सामान जलकर राख हो गए। गारमेंट्स दुकान में आग लगने की सूचना के बाद संचालक समेत काफी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने भी सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। घटना की जानकारी तुरंत फायर ब्रिगेड की टीम को दी गई, जिसके बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। फिर आग पर काबू पाया जा सका।
आग लगने के बाद आसपास की दुकानों के चपेट में आने की आशंका को देखते हुए थोड़ी देर के लिए कई दुकान संचालकों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। लोअर बाजार थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि गौरी गारमेंट्स नामक दुकान में आग लगने की सूचना मिली है। हालांकि अब तक किसी ने मामले में लिखित शिकायत नहीं की है। मामले की जानकारी ली जा रही है। आग के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि आशंका है कि दुकान में शार्ट सर्किट से आग लगी है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।
दीपावली को लेकर फायर ब्रिगेड की टीम पहले से ही मुस्तैद थी और दमकल की सभी गाड़ियों में पानी भरवा कर तैयार रखा गया था। चर्च रोड स्थित गारमेंट्स दुकान में आग लगने की सूचना के तुरंत बाद दमकल की गाड़ी लेकर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
स्टेट फायर ऑफिसर ने जारी किया था चार हेल्पलाइन नंबर, सूचना देने में लोगों को हुई सहूलियत
दीपावली पर्व को लेकर पहले से चौसकी बरती जा रही थी। अग्निशमन विभाग के स्टेट फायर ऑफिसर जगजीवन राम ने आपात स्थिति के लिए चार हेल्पलाइन नंबर पहले ही जारी कर रखा था जिस पर 24 घंटा जरूरत पड़ने पर लोग फोन कर मदद ले सकते थे। हेल्पलाइन नंबर जारी किए जाने की वजह से शहर के लोगों को सहूलियत हुई और आग लगने की सूचना तत्काल दी जा सकी।
