Ranchi : रांची नगर निगम ने सेवा सदन को तोड़ने का आदेश जारी किया है. इसके अलावे भी लगातार शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है. अब तक राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में कई घरों को तोड़ा जा चुका है.
सांसद संजय सेठ ने इस फैसले पर नाराजगी जाहिर की है. इसे तुगलकी फरमान बताया है. बुधवार को उन्होंने कहा कि यह सरासर जनविरोधी कार्रवाई है. लोग टूट जाते हैं एक घर बनाने में, इन्हें शर्म नहीं आती बस्तियां उजाड़ने में, निगम पर यही लागू हो रहा. निगम अब रांची के आम लोगों की जिंदगी का दुश्मन बन बैठा है. जिन भवनों-घरों को तोड़ने पर नगर निगम आमादा है, जरा नगर निगम बताये कि जब ये घर-मकान बन रहे थे, उस समय नगर निगम के लोग कहां थे. उनके संरक्षण के बिना इतनी बड़ी बस्ती कैसे बस गयी. इसके लिए सीधे-सीधे नगर निगम के लोग दोषी हैं. निगम के अधिकारियों, कर्मियों पर कार्रवाई होनी चाहिए.

