रांची: पत्रकार बैजनाथ महतो पर हुए जानलेवा हमले को लेकर रांची जिले के दर्जनों पत्रकारों ने आज पुलिस मुख्यालय पहुंचकर डीजीपी नीरज सिन्हा से मुलाकात की. डीजीपी ने आश्वासन दिया कि आइजी अभियान इस मामले की जांच करेंगे और आरोपियों को हर हाल में गिरफ्तार किया जायेगा.
इस दौरान पत्रकार पर हुए हमले की सभी ने कड़ी निंदा की और कहा कि 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं कर पायी है. रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष सचिव तमाम सभी पत्रकारों ने कहा कि झारखंड में पत्रकार ही सुरक्षित नहीं हैं और बाकी लोगों का क्या हाल होगा.पत्रकारो ने मांग की है की शीघ्र आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए नहीं तो इस मामले पर पत्रकार प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे.
बता दें कि वीडियो जर्नलिस्ट बैजनाथ महतो पर शनिवार देर रात रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित तिरिल बस्ती में जानलेवा हमला किया गया. हमलावर उन्हें मरा हुआ समझकर नाली किनारे छोड़ गये थे. उन्हें रविवार सुबह रिम्स में भर्ती कराया गया जहां खबर लिखे जाने तक उन्हें होश नहीं आया था.

