रांची: अरगोड़ा थाना क्षेत्र के हरमू हाउसिंग कालोनी में किराये के कमरे में रह रही एक युवती ने पंखा में ओढ़नी फंसा कर फांसी लगा ली। कमरे का दरवाजा अधखुला अवस्था में था। मंगलवार की सुबह देर तक युवती अपने कमरे से बाहर नहीं निकली तो आसपास के लोग कमरे में झांक कर देखा। युवती पंखे से झूलती पाई गई। इसके बाद पड़ोसियों ने इसकी सूचना अरगोड़ा थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतार कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।
पुलिस की सूचना पर चान्हो से स्वजन पहुंचे रांची
मृतका की पहचान निशा कुमारी के रूप में हुई है। वो चान्हो की रहने वाली थी। दो महीने से राकेश सिंह के मकान में किराये पर रह रही थी। जानकारी के अनुसार निशा पिछले डेढ़ साल से स्वजनों से दूर राजधानी में घरेलू कार्य से पैसा इकट्ठा कर ग्रेजुएशन कर रही थी। उसके कमरे से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस की सूचना पर चान्हो से स्वजन रांची पहुंचे।
आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका
अरगोड़ा थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। स्वजनों के बयान पर अरगोड़ा थाना में यूडी केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। इधर, देर शाम शव रिम्स पहुंची। इस कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सकी। अब बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करा कराया जाएगा।

