रांची के नामकुम के नयाटोली में शुक्रवार की रात गोली गोली मारने मामले में पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। जमीन कारोबारी विजय प्रताप सिंह उर्फ मुन्ना को अपराधियों ने रात करीब साढ़े नौ बजे गोली मार दी। इससे मुन्ना गंभीर रूप से घायल हो गए। मुन्ना के कंधे और पीठ में गोली लगी है। घायल जमीन कारोबारी को आनन-फानन में सैम्फोर्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां जमीन कारोबारी की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल मुन्ना नामकुम के चायबगान के रहने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम मुन्ना गैस गोदाम स्थित अपने कार्यालय से स्कूटी से घर जा रहे थे। इसी बीच नया टोली स्थित लाख रिसर्च के बाउंड्री के समीप पहले से घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। गोली मुन्ना के पीठ व कंधे में लगी। स्थानीय लोगों ने बताया कि मुन्ना स्कूटी के साथ वह गिरे हुए थे। स्थानीय लोगों ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने तत्काल घायल अवस्था में मुन्ना को अस्पताल ले गए। जहां पर उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

