रांची: कांके ब्लॉक चौक के पास ग्रिल दुकान के मालिक पर जानलेवा हमला हुआ है. गोली लगने से पंचम लोहरा गंभीर रूप से घायल हो गए. रिम्स में उनका इलाज चल रहा है. इधर घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंच कर अपराधियों की धरपकड़ में जुटी हुई है. बाइक से पहुंचे अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया.
जमीन विवाद में मारी गई गोली
पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस बात की जानकारी है कि जमीन विवाद में इस घटना को अंजाम दिया गया है. घायल व्यक्ति पंचम लोहरा को किसी जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा था. उसी जमीन विवाद को लेकर पंचम लोहरा को गोली मारी गई है.
आपको बता दें कि राजधानी रांची में 10 दिन के भीतर गोलीबारी की यह तीसरी घटना है. इसके पहले जमीन विवाद में हिंदपीढ़ी इलाके में रिंकू खान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.वहीं शुक्रवार की देर रात को स्कूटी से जा रहे जमीन कारोबारी विजय प्रताप को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी थी.

