रांची। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में तेज हवा और आंधी के साथ हुई बारिश में 50 स्थानों पर बिजली के पोल गिर गये है, वहीं पेड़ कर गिरने और टहनियां टूट कर गिरने से बिजली आपूर्ति व्यवस्था पिछले 36 घंटे से बाधित है।
रांची विद्युत आपूर्ति इलाके के जीएम पीके श्रीवास्तव ने बताया कि रांची शहर में हुई बारिश से लगभग 45-50 जगहों में बिजली पोल गिर गए, जहां व्यवस्था बनी उन इलाकों में इसे ठीक कर बिजली बहाल की गयी। बिजली वितरण निगम और नगर निगम की ओर से गिरे हुए पेड़ों को हटाया गया लेकिन कुछ जगहों में बड़े पेड़ गिर गए थे, जिन्हें रविवार सुबह से हटाया जा रहा है। श्रीवास्तव ने कहा कि निगम की टीम लगी हुई है। रांची शहर में शनिवार को ही कुछ इलाकों में बिजली बहाल की गई। उन्होंने बताया कि किसी भी इलाके में ग्रिड में परेशानी नहीं है।
शनिवार को हुई भारी बारिश के बाद कुछ इलाकों में दोपहर तीन बजे के बाद बिजली दी गई। अधिकांश इलाकों में बिजली गुल है। ओरमांझी, कोकर, होटवार, लालपुर, हरमू, हटिया, नामकुम, कांके समेत कई इलाकों में बिजली बाधित है। दोपहर तीन बजे के बाद मेन रोड, चर्च रोड, बहुबाजार, चुटिया जैसे इलाकों में बिजली दी गयी। हालांकि, पूर्व में ऊर्जा संचरण निगम लिमिटेड की ओर से बताया गया था कि राजधानी में अधिक पावर ट्रिपिंग हो रही है। ऊर्जा संचरण निगम लिमिटेड की तरफ से कर्मचारियों को पेट्रोलिंग पर लगाया गया है।

