रांची नगर निगम लॉकडाउन में भी एक्टिव है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को बिना लाइसेंस चल रहे बैंक्वेट हाल सेलिब्रेशन को निगम ने सील कर दिया है। शहर में सात बैंक्वेट हॉल बिना लाइसेंस के चल रहे हैं।
नगर निगम मंगलवार को ऐसे छह बैंक्वेट हॉल सील करने वाला था, लेकिन सेलिब्रेशन को सील करने के बाद जब नगर निगम के अधिकारी दूसरे बैंक्वेट हाल को सील करने जा रहे थे तभी नगर निगम के अधिकारियों का आदेश आ गया कि अब और बैंक्वेट हॉल सील नहीं करना है। कार्रवाई रोक दी जाए। इसके बाद इंफोर्समेंट टीम ने कार्रवाई रोक दी।
दो महीने पहले लाइसेंस के लिए भेजा गया था नोटिस
राजधानी में बिना लाइसेंस लिए ही बैंक्वेट हाल चलाए जा रहे हैं। नगर निगम की बाजार शाखा ने दो महीना पहले सभी बैंक्वेट हाल के प्रबंधकों को लाइसेंस लेने के लिए नोटिस जारी की थी, लेकिन अभी तक किसी ने भी लाइसेंस के लिए आवेदन नहीं दिया है। इस पर नगर निगम ने मंगलवार को बैंक्वेट हाल की सीलिंग शुरू करने का फैसला किया था।
शहर में ये बैंक्वेट हॉल बिना लाइसेंस के चल रहे
बाजार शाखा ने मंगलवार को मोरहाबादी स्थित मान्या पैलेस, करम टोली स्थित सेलिब्रेशन हॉल के अलावा वृंदावन पैलेस, अभिनंदन, माही, आशीर्वाद और गीतांजलि को सील करने का खाका तैयार किया था। एक बैंक्वेट हाल को सील करने के बाद कार्रवाई रोक दी गई है। बाजार शाखा के अधिकारियों का कहना है कि नोटिस जारी होने के बाद सात बैंक्वेट हॉल के प्रबंधक हाईकोर्ट चले गए थे।
हाईकोर्ट में बैंक्वेट हॉल संचालकों ने दी सफाई
हाईकोर्ट में मामले की मंगलवार को सुनवाई हुई। हाईकोर्ट को इन बैंक्विट हॉल के प्रबंधकों ने लिख कर दिया है कि वह अगले आदेश तक बैंक्विट हॉल का संचालन नहीं करेंगे। उनके शपथ पत्र देने के बाद ही रांची नगर निगम ने बैंक्वेट हॉल सील करने की कार्रवाई रोक दी है। बाजार शाखा के अधिकारियों का कहना है कि हाईकोर्ट ने 19 जुलाई अगली तारीख तय की है।

