रांची: राजधानी में ब्लैक फंगस पीड़ित उषा देवी की मौत के बाद सोमवार को तीन और मरीजों की मौत हाे गई। तीनाें मृतक रांची जिला के रहनेवाले हैं। एक की मौत रिम्स, दूसरे की रेलवे हॉस्पिटल हटिया और तीसरे मरीज की माैत मेडिका अस्पताल में हाे गई। यह 24 घंटे में ब्लैक फंगस से सबसे अधिक मौत है। इधर, सोमवार को ब्लैक फंगस के तीन नए कंफर्म मरीज भी मिले हैं। तीनों रांची जिला के हैं। बता दें कि अब ब्लैक फंगस के कंफर्म मरीजों की संख्या बढ़कर 98 हो गई है। 58 मरीज अब भी संदिग्ध हैं।
अब तक कुल 78 मरीज रिकवर घोषित किए जा चुके हैं। ब्लैक फंगस के कंफर्म मामलों में सबसे अधिक 37 मरीज रांची जिला के हैं, वहीं पूर्वी सिंहभूम के 21 मरीज हैं। बता दें कि राज्य में अब तक ब्लैक फंगस से कुल 29 मरीजाें की माैत हुई है। सबसे अधिक 11 मौतें रांची के मरीजाें की हुई है। इसके अलावा अबतक रामगढ़ के तीन, चतरा के एक, देवघर के एक, धनबाद के दो, दुमका के एक, पूर्वी सिंहभूम के पांच, गढ़वा के एक, गोड्डा के दो, हजारीबाग के एक और कोडरमा के एक मरीज की मौत ब्लैक फंगस से हुई है।

