रांची: रांची जिले के रातू इलाके में दलादली चौक स्थित रिंग रोड पर मवेशी तस्करों से पैसे की वसूली करने के आरोप में एएसआइ सहित पांच पुलिसकर्मी निलंबित कर दिए गए हैं। पीसीआर -29 के पुलिसकर्मियों द्वारा पैसे की वसूली से संबंधित वीडियो वायरल होने के बाद यह कार्रवाई रांची के एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने की है। निलंबित पुलिसकर्मियों में एएसआइ विश्राम उरांव, सिपाही विभाष कुमार, उदय कुमार, राजेश कुमार व चालक सिपाही पॉल सुरीन शामिल हैं।
संबंधित वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी के आदेश पर डीएसपी मुख्यालय टू को इसकी जांच की जिम्मेवारी सौंपी गई। जांच के बाद डीएसपी ने एसएसपी को रिपोर्ट सौंप दी। इस रिपोर्ट के आधार पर सभी निलंबित किए गए। वायरल वीडियो में पीसीआर 29 के पुलिसकर्मी पैसे लेते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो रविवार की सुबह का बताया जा रहा है। वीडियो में दलादली रिंग रोड पर पीसीआर 29 के पुलिसकर्मी नजर आ रहे हैं, जो पशु ले जा रहे ट्रक को रोककर खुलेआम ट्रक ड्राइवर से पैसे लेते दिख रहे हैं।

