रांची: झारखंड में कोरोना संक्रमण की तेज रफ्तार को देखते हुए रांची जिला प्रशासन अधिक से अधिक लोगों के टीकाकरण की तैयारी में जुट गया है. इसी कड़ी में तीन जनवरी 2022 से राजधानी रांची के 15-18 वर्ष के बच्चों को कोरोना का टीका दिया जायेगा. इस टीकाकरण अभियान में अधिक से अधिक बच्चों को शामिल करने के लिए अपर समाहर्ता नक्सल रामवृक्ष महतो ने राजधानी के विभिन्न स्कूलों के प्राचार्यों और उपप्राचार्यों के साथ शनिवार को बैठक की. आपको बता दें कि अपना आधार कार्ड लेकर आनेवाले बच्चों को ऑन स्पॉट टीका दिया जायेगा.
रांची के अपर समाहर्ता नक्सल रामवृक्ष महतो ने बैठक कर विभिन्न स्कूलों के प्राचार्यों और उपप्राचार्यों को 15-18 आयु वर्ग के किशोरों के टीकाकरण की जानकारी दी. इस बैठक में सामान्य शाखा प्रभारी संजय प्रसाद ने प्राचार्यों से कहा कि वह अपने स्तर से अभिभावकों और बच्चों को टीकाकरण की जानकारी देने का प्रयास करें. आपको बता दें कि अपना आधार कार्ड लेकर आनेवाले बच्चों को ऑन स्पॉट टीका दिया जायेगा.
तीन जनवरी यानी सोमवार को झारखंड की राजधानी रांची में इन स्कूलों में टीकाकरण किया जायेगा.
डीएवी हेहल, मारवाड़ी स्कूल, जिला स्कूल, गौरी दत्त मंडेलिया स्कूल (रातू रोड), गवर्नमेंट +2 हाईस्कूल (कांके) एवं चार जनवरी को गवर्नमेंट गर्ल्स स्कूल बरियातू, एसएस +2 हाई स्कूल, डोरंडा गुरु नानक स्कूल में वैक्सीन दी जायेगी. आपको बता दें कि रांची के रिम्स में भी तीन जनवरी से किशोरों को टीका दिया जायेगा.

