रांची: आम बजट में देश में 400 नयी वंदे भारत ट्रेन चलाने की घोषणा की गयी है. हालांकि, रांची से हावड़ा के बीच वंदे भारत ट्रेन चलाने की तैयारी पहले से चल रही है. दक्षिण-पूर्व रेलवे मुख्यालय के अधिकारी ने बताया कि अब रांची-पटना के लिए भी वंदे भारत एक्सप्रेस मिलने की संभावना बढ़ गयी है.
पूर्व में रेलवे द्वारा वंदे भारत ट्रेन के लिए 56 रैक का निर्माण करने की बात कही गयी थी. अब वित्त मंत्री ने 400 ट्रेन चलाने की घोषणा की है, तो इसका लाभ बिहार-झारखंड के लोगों को भी मिलेगा.
उन्होंने कहा कि वंदे भारत ट्रेन चलाने की योजना सर्वप्रथम उन्हीं रूट पर है, जहां यात्री आठ से 10 घंटे में अपना सफर पूरा करते हैं. वर्तमान में चलने वाली रांची-पटना जनशताब्दी ट्रेन को 418 किमी की दूरी तय करने में लगभग आठ घंटे लगते हैं. इस रूट पर वंदे भारत ट्रेन चलने से यात्रियों का दो से तन घंटे का समय बचेगा.

