झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस की पत्नी की सुरक्षा में चूक की खबर सामने आई है। यह घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। दरअसल, राज्यपाल रमेश बैस की पत्नी छत्तीसगढ़ से झारखंड लौट रही थीं। वह ट्रेन से रांची रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां से वह राजभवन आ रही थीं। इसी बीच रात करीब एक बजे उनके कारकेड में एक कार घुस गई। इस घटना के बाद सुरक्षा कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
सुरक्षा कर्मचारियों ने कार में सवार लोगों को तुरंत हिरासत में ले लिया। कार जब्त कर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस के हत्थे चढ़े कार सवार लोगों का कहना था कि उनसे गलती हो गई। वह स्टूडेंटस हैं। उनकी मानें तो जैसे ही कारकेड की सायरन बजी, डर गए और कार का ब्रेक लग गया। पकड़े गए लोगों ने इस गलती के लिए माफी मांगनी शुरू कर दी। सुरक्षा कर्मचारी जब पूरी तरह से संतुष्ट हो गए कि आरोपित स्टूडेंट हैं और गलती से उनकी कार कारकेड में घुस गयी थी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया।
सुरक्षा कर्मचारियों के अनुसार, राज्यपाल रमेश बैस की पत्नी कारकेड के साथ रांची रेलवे स्टेशन से राजभवन लौट रही थीं। उसी दौरान यह घटना हुई। कारकेड में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार को रोक लिया। कार सवार लोगों को गोंदा थाने के हवाले कर दिया था।

