अनगड़ा: राज्यपाल रमेश बैस मंगलवार को सपरिवार जोन्हा फॉल घूमने पहुंचे। ये पहले राज्यपाल है जो जोन्हा का नजारा देखने सपरिवार पहुंचे थे। परिवार के सदस्यों में पत्नी, पुत्रवध, पोता, पोती सहित अन्य सदस्य शामिल थे। सभी ने घंटों जोन्हा फॉल के प्राकृतिक नजारे का आनंद लिया। राज्यपाल करीब पांच सौ सीढ़ियां उतरकर झरना के समीप पहुंचे। नदी पार कर वन विभाग के वॉच टॉवर में गये। वे करीब तीन घंटे तक जोन्हा फॉल की वादियों में रहे। राज्यपाल ने कहा कि जोन्हा फॉल काफी खूबसूरत है। झारखंड की प्रकृति का अनुपम उपहार है। उन्होंने जोन्हा फॉल के मनोरम दृश्य को देखते हुए कहा कि झारखंड प्रकृति की गोद मे बसा है। राज्य में पर्यटन के क्षेत्र में विकास की असीम संभावनाएं है।
जोन्हा फॉल देखने पहुंचने वाले झारखंड के पहले राज्यपाल
जोन्हा फॉल पहुंचने पर राज्यपाल का स्वागत एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा, ग्रामीण एसपी नौशाद आलम, सिल्ली डीएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा, बीडीओ उत्तम प्रसाद, सीओ पुष्पक रजक, व अंचल निरीक्षक शैलेश कुमार सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर किया। अधिकारियों ने राज्यपाल को क्षेत्र की विशेषताओं के बारे में जानकारी दी। इससे पहले राज्यपाल के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गयी थी। एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा स्वयं सुरक्षा की कमान संभाले हुए थे। गौरतलब है कि जोन्हा फॉल घूमने आनेवाले रमेश बैस झारखंड के पहले राज्यपाल हैं। उनके जोन्हा फॉल पहुंचने से क्षेत्र के लोगों में इसके विकास की उम्मीद जगी है।

