रामनवमी पर शांति व्यवस्था कायम करने के लिए झारखंड पुलिस ने सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किए है। खुफिया इनपुट के बाद प्रदेश में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। इनपुट है कि रामनवमी जुलूस में घुसकर कुछ असामाजिक तत्व प्रदेश में साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ सकते हैं। ऐसे तत्वों की पुलिस तलाश कर रही है ताकि समय रहते उन्हें चिन्हित किया जा सके।
इस बार झारखंड में CRPF की रैपिड एक्शन फोर्स की पांच कंपनियों को संवेदनशील जिलों में तैनात किया जा रहा है। इसके अलावा 10 हज़ार से अधिक अतिरिक्त जवान जिलों में तैनात किए जा रहे हैं। 25 अतिरिक्त डीएसपी, 10 इंस्पेक्टर, 190 दारोगा-जमादार और खुफिया विभाग के 50 सब इंस्पेक्टर को जिलों में तैनात कर दिया गया है। रैपिड एक्शन फोर्स के अलावा झारखंड पुलिस की रैपिड एक्शन पुलिस, आतंकवाद निरोधी दस्ता की एक कंपनी, डॉग स्क्वायड, अश्रु गैस, अग्निशमन की गाड़ियां और सशस्त्र बल के जवान भी लगाए गए हैं। करीब 4200 लाठीधारी जवान और 5000 गृह रक्षक भी जिलों में तैनात कर दिए गए हैं।
खूंटी और रांची में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की हो चुकी है कोशिश
रामनवमी जुलूस के पहले ही मंगलवार को जुलूस के दौरान रांची व खूंटी में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश हो चुकी है। रांची में सुरक्षाबलों की मुस्तैदी, अधिकारियों की सुझ बूझ और बुद्धिजीवियों की बदौलत असामाजिक तत्वों का मंसूबा कामयाब नहीं हो सका। खूंटी जिला में दो दिनों तक विधि व्यवस्था का संकट रहा। वहां अब भी तनाव बरकरार है।

