रांची: जनजातीय कार्य मंत्रालय की पहल पर खूंटी संसदीय क्षेत्र की सैंकड़ों युवतियों को टाटा समूह की कंपनी टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड में रोजगार का अवसर मिला है।खूंटी, तमाड़, सिमडेगा,चाईबासा और सराईकेला खरसावां की लगभग दो हजार इंटर पास छात्राओं का चयन टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के हुसुर (तमिलनाडु) प्लांट के लिए हुआ है। 27 सितंबर को जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा हटिया रेलवे स्टेशन से हुसूर के लिए विशेष ट्रेन को दोपहर 12बजे रवाना करेंगे। इस अवसर पर मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। उल्लेखनीय है कि टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स ने पिछले दिनों खूंटी, सिमडेगा, चाईबासा और सरायकेला में कैंप लगाकर इंटर पास छात्राओं का इंटरव्यू लिया था। कैंप में हजारों की संख्या में छात्राओं ने भाग लिया था। जिनमें से चयनित छात्राओं का पहला जत्था कल विशेष ट्रेन से हुसूर जा रही है। खूंटी के सांसद सह केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने बताया कि इन क्षेत्रों में रोजगार के लिए पलायन एक बड़ी समस्या है।सबसे अधिक ट्रैफिकिंग इस क्षेत्र से होता है। इसलिए टाटा समूह के उच्चाधिकारियों से बात कर इंटर पास युवतियों को कौशल विकास के साथ रोजगार उपलब्ध कराने की बात हुई।कंपनी इन युवतियों को एक साल का ट्रेनिंग देने के बाद नौकरी देगी। ट्रेनिंग के दौरान उन्हें कंपनी द्वारा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। श्री मुंडा ने कहा कि टाटा समूह से जुड़ने का छात्राओं के लिए यह एक शानदार अवसर है ।
