झारखंड के लातेहार जिले के बरवाडीह में एक वृद्धा की लाश घर के अंदर से बरामद की गई है। पुलिस को आशंका है कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई है। पुलिस की टीम ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। मामला बरवाडीह थाना क्षेत्र के छेचा पंचायत अंतर्गत टिकुआँ टोला का है। गुरुवार को पुलिस ने वृद्ध महिला का शव बरामद किया गया। इसकी पहचान 62 वर्षीय फुलबसियाया देवी के रूप में हुई।यह महिला अपने घर में बेटी और बहू सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहती थी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलु लोहरा के नेतृत्व में सर्किल इंस्पेक्टर चंद्रशेखर चौधरी, थाना प्रभारी श्रीनिवासी कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया। पुलिस टीम के द्वारा घटना की पड़ताल शुरू कर दी गई है। इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के साथ-साथ अन्य पुलिस अधिकारियों ने महिला के बेटे-बहू समेत आसपास के लोगों से पूछताछ की। घटना को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि महिला की मौत के मामले का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा। मामले की जांच के लिए थाना प्रभारी श्रीनिवास कुमार सिंह के नेतृत्व में जांच टीम का गठन किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया से लगता है कि उक्त वृद्ध महिला की हत्या गला दबा कर की गई है। उन्होंने कहा कि पोस्मार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की सही जानकारी हो सकेगी।
