पासपोर्ट रिलीज करने की अर्जी पर 10 जून को स्पेशल कोर्ट में होगी सुनवाई
रांची: अरबों रुपये के बहुचर्चित चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू प्रसाद किडनी ट्रांसप्लांट के लिए विदेश जाएंगे, इसके लिए सीबीआई कोर्ट में जमा पासपोर्ट वापस लेने के लिए उनकी ओर से अदालत में अर्जी दी गयी है। लालू प्रसाद की ओर से दायर इस अर्जी पर सीबीआई की विशेष अदालत में 10 जून को सुनवाई की तिथि निर्धारित की गयी है।
इस संबंध में अधिवक्ता प्रभात कुमार ने बताया कि लालू प्रसाद के पासपोर्ट की वैलिडिटी समाप्त हो रही है और इस वजह से उसे रिन्यूअल कराना है। वहीं अदालत को इस बात को भी जानकारी दी गयी है कि रिन्यूअल कराने के पीछे का मकसद यह है कि लालू प्रसाद को किडनी ट्रांसप्लांट के लिए सिंगापुर जाना है। उन्होंने बताया कि किडनी ट्रांसप्लांट के लिए सिंगापुर में एक अस्पताल में अपॉइंटमेंट लेना है और इसके लिए पासपोर्ट का अप टू डेट होना अनिवार्य है। इस वजह से पासपोर्ट रिलीज करने की अर्जी दाखिल की गयी, ताकि उसे रिन्यूअल कराने के बाद डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लिया जा सका।
गौरतलब है कि आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद को चारा घोटाले के पांच अलग-अलग मामलों में सीबीआई की विशेष अदालत द्वारा सजा सुनायी गयी और सजा की आधी अवधि पूरी होने ,स्वास्थ्य कारणों और उनकी बढ़ती उम्र को देखते हुए हाईकोर्ट द्वारा इन सभी मामलों में जमानत दी गयी और अभी लालू प्रसाद जमानत पर है।

