मार्च के अंतिम महीने से शुरू हुआ गर्मी का कहर अप्रैल के प्रथम सप्ताह में भी जारी है. अभी ऐसी स्थिति अगले तीन दिनों तक रहने की संभावना है. इसको लेकर मौसम विभाग ने पलामू के अलावा गढ़वा, लातेहार और चतरा में येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने हीट वेब की संभावना जतायी है. ऐसा सूबे में पहली बार हुआ है. पलामू का अधिकतम तापमान 43.02 रहा, जो पूरे झारखंड में सबसे अधिक है. इससे खासकर बच्चों पर बुरा असर पड़ा है. स्कूल गए कई बच्चे लू लगने से बीमार पड़ गए हैं. उनका इलाज चल रहा है.
9 बजे के बाद तेज धूप से परेशानी
मेदिनीनगर समेत पूरे जिले में सुबह 9 बजे के बाद तेज धूप से घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. दोपहर 12 से 1 बजे की स्थिति काफी खराब है. शाम ढलने के बाद राहत मिल रही है. मौसम विभाग के अनुसार पलामू प्रमंडल के अलावा चतरा में ही 8 से 9 अप्रैल तक मौसम कहर बरपायेगा. अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक जाने की संभावना जतायी गयी है. वहीं न्यूनतम तापमान 21 डिग्री के आस पास रहने की उम्मीद है.
पलामू में पिछले छह दिनों का तापमान
दिनांक अधिकतम न्यूनतम तापमान
1 अप्रैल 43.02 22.03
2 अप्रैल 42.00 22.01
3 अप्रैल 41.02 24.09
4 अप्रैल 43.01 20.05
5 अप्रैल 43.02 20.07
6 अप्रैल 43.02 20.09
बच्चों और बुजुर्गों को धूप से बचाने की सलाह
मौसम विभाग ने गर्मी को लेकर चेतावनी और सुझाव जारी किया है. इसमें बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से धूप से बचने की सलाह दी गई है. विशेषकर पुरानी बीमारियों से पीड़ित लोगों को धूप और लू से बचकर रहने को कहा गया है. इस समय गर्मी की बीमारी के लक्षणों की आशंका बढ़ जाती है. वहीं, लू से बचने के लिए लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, प्यास ना लगने पर भी पानी पीने, खुद को हाइड्रेट रखने, ओआरएस, घर में बने पेय पदार्थ, लस्सी, नींबू पानी सहित अन्य चीजों का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी गयी है.

