पूर्वी सिंहभूम जिले के मानगो के पारडीह चौक पर यातायात पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए बाइक सवार युवक सुशील कुमार भागने के प्रयास में पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गया। उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। लोगों ने घायल को टाटा मुख्य अस्पताल में दाखिल कराया।
इधर, घटना के बाद लोगों ने सड़क जाम कर दिया जिससे यातायात बाधित हो गया। सूचना पर डीएसपी कमल किशोर समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद लोग सडक से हट गए। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। घटना में सुशील कुमार का दाहिना पैर बुरी तरह कुचल गया। वह इलेक्ट्रिशियन का काम करता है। पारडीह चौक के पास यातायात पुलिस का चेकिंग अभियान चल रहा था। सुशील कुमार को पुलिस ने चेकिंग में रुकवाया। पुलिस से बचने के प्रयास में वह भागने लगा। पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे चपेट में ले लिया।

