जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना अंतर्गत ट्यूब बारीडीह एल सिक्स क्वार्टर नंबर 108 का ताला तोड़कर चोरों ने लगभग 11 लाख रुपए मूल्य के जेवरात और कीमती कपड़ों पर हाथ साफ कर दिया। जिस घर में घटना घटी वहां शादी की तैयारी चल रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने इसकी शिकायत गुरुवार की सुबह थाने में जाकर की। जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। साथ ही पुलिस ने थाने में अज्ञात के विरुद्ध मामला भी दर्ज किया। घटना में चोरों के हाथ 11 लाख रुपए मूल्य के जेवर और कपड़ों की चोरी की है। वहीं मामले में धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी शादी होने वाली है। साथ ही 6 फरवरी को तिलक और 10 फरवरी को शादी होनी है। जिसके लिए जेवरात और कपड़ों की खरीदारी की गई थी और सभी सामानों को क्वार्टर में ही रखा था। भुक्तभोगी धर्मेंद्र ने बताया कि गांव से फोन आया कि पिता का निधन 9 जनवरी को हो गया है। जिसके बाद वे 10 जनवरी की सुबह अपने गांव पटना के लिए निकल गए। जहां से अंतिम संस्कार कर वे 29 जनवरी को बारीडीह आवास पर लौटे। जिसके बाद वे अपने मामा के घर टेल्को मनीफीट चले गए। जहां वे पांच दिनों से पर रह रहे थे। चोरी की घटना 29 जनवरी से 2 फरवरी के बीच की है। मामले में उन्होंने बताया कि वे गुरुवार को मामी के साथ क्वार्टर की साफ-सफाई करने के लिए पहुंचे तो देखा कि क्वार्टर का ताला टूटा हुआ है और घर के सभी सामान बिखरे हुए हैं। जिसके बाद वे सीधे थाने गए और घटना की लिखित शिकायत की। उनके अनुसार चोरों ने सोने की चेन, सोने का झुमका, दो जोड़ी पायल, नथिया, सोने की अंगूठी, एक जोड़ी कंगन, गला हार के अलावा चांदी के कई जेवर चुरा लिया है। इसके अलावा शादी के कपड़े भी थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

