जमशेदपुर: साकची थाना अंतर्गत आम बगान के पास विगत 2 नवंबर 2007 को श्रीलेदर्स के मालिक आशीष डे की गोली मारकर हत्या के मामले में डॉन अखिलेश सिंह के गुरू विक्रम शर्मा को एडीजे चार आरके सिन्हा की अदालत ने
शुक्रवार को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया है। इससे पहले मामले को लेकर अदालत में 3 जून को बहस भी हुई थी। जिसके बाद अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रखा था। साथ ही 9 मई को विक्रम शर्मा की गवाही कोर्ट में भी हुई थी। मामले में बताया जा रहा है कि आशीष डे हत्याकांड में पुलिस ने विक्रम शर्मा को मुख्य साजिशकर्ता बनाया था। मगर पिछले 15 सालों में पुलिस विक्रम शर्मा के विरुद्ध कोर्ट में किसी तरह का साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सकी।
जिसका लाभ उसे मिला और साक्ष्य के अभाव में कोर्ट ने विक्रम शर्मा को बरी कर दिया। जबकि आशीष डे हत्याकांड में डॉन अखिलेश सिंह के खिलाफ कोर्ट में अलग से मामला चल रहा है। जिसमें उसकी पेशी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए होती है। आशीष डे हत्या मामले में पुलिस ने उसके कर्मचारी तापस पाल के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था। वहीं जांच के बाद पुलिस ने अखिलेश को आरोपी बनाते हुए आरोप पत्र भी दिया था।

