जमशेदपुर : परसुडीह थाना अंतर्गत करनडीह एलबीएसएम कॉलेज के पास टेंपो की टक्कर से बाइक सवार होमगार्ड जवान 4 दिनों पूर्व गंभीर रूप से घायल हो गया था। वहीं घटना के बाद उसे इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के क्रम में शनिवार उसकी मौत हो गई। मृतक जवान 30 वर्षीय राजकुमार यादव परसुडीह कीताडीह ग्वाला पट्टी का रहने वाला था। मामले में बताया जा रहा है कि होमगार्ड जवान राजकुमार यादव शुक्रवार को अपने घर से निकलकर खासमहल स्थित सदर अस्पताल ड्यूटी करने जा रहा था। इसी बीच उसकी बाइक की टक्कर सामने से आ रही टेंपो से हो गई।

वहीं सड़क सकरा होने के कारण टेंपो चालक ने पास नहीं दिया, जिससे जवान हादसे का शिकार हो गया। मामले में मृतक के परिजनों ने बताया कि घर में भाई और बहन की शादी होने वाली थी। साथ ही घर के सभी सदस्य शादी की तैयारी में जुटे हुए थे। मगर राजकुमार की मौत से घर के लोग शोक में डूब गये हैं। राजकुमार ही घर में इकलौता कमाने वाले था। वहीं अस्पताल से होमगार्ड जवान के शव को पूरे सम्मान के साथ जिला मुख्यालय लाया गया। जहां गार्ड ऑफ ऑनर देकर भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान होमगार्ड डीएसपी अशोक कुमार समेत सभी जवानों ने पार्थिव शरीर को सलामी भी दी। साथ ही श्रद्धा सुमन अर्पित कर नम आंखों से जवानों ने श्रद्धांजलि भी दी। इस दौरान डीएसपी अशोक कुमार ने बताया कि जवान के परिवार को 10 हजार रुपए का आर्थिक सहयोग भी दिया गया है। बकाया राशि और अनुकंपा में नौकरी के लिए प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।

