पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने आज खुलासा किया कि उन्होंने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल करने के बाद कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है. कपिल सिब्बल ने बताया कि मैंने 16 मई को कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था. सिब्बल ने कहा कि संसद में एक स्वतंत्र आवाज होना महत्वपूर्ण है. अगर एक स्वतंत्र आवाज बोलती है तो लोग मानेंगे कि यह किसी राजनीतिक दल से नहीं है.
बता दें कि कपिल सिब्बल, कांग्रेस के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक, 23 असंतुष्ट नेताओं के समूह के “जी-23” का हिस्सा थे, जिन्होंने पार्टी के नेतृत्व और संगठन को पूरी तरह से बदलने का आह्वान किया था. वह हाल के हफ्तों में गांधी परिवार के नेतृत्व की आलोचना के बारे में भी मुखर रहे थे. उनके इस्तीफे को लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा है कि कपिल सिब्बल बड़े नेता रहे हैं. इसलिए एक सीट से वे राज्यसभा जाएंगे. वहीं कपिल सिब्बल के अलावा दो अन्य सीटों पर पार्टी ने जावेद अली खान और डिंपल यादव को राज्यसभा भेंजने का फैसला किया है.

