जमशेदपुर: सरायकेला कोर्ट से लौटते समय अज्ञात अपराधियों ने कपाली ओपी अंतर्गत डांगोडीह निवासी मो. कलीम खान पर कपाली चाडरी के पास घात लगाकर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान अपराधियों ने कलीम पर गोली भी चलाई। जो उसकी कनपटी में जा घुसी। वहीं घटना के समय जिला बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष ओम प्रकाश और अंबिका चरण पाणी उसी रास्ते से गुजर रहे थे। तभी उन्होंने घायल कलीम को देखा। जिसके बाद एंबुलेंस बुलाकर उसे इलाज के लिए टीएमएच भिजवाया। जहां इमरजेंसी विभाग में उसका इलाज चल रहा है।
साथ ही घटना की सूचना पाकर पुलिस भी जांच करने पहले घटनास्थल फिर टीएमएच पहुंची। मामले में बताया जा रहा है कि मो. कलीम खान बुधवार की सुबह सरायकेला कोर्ट गया था। जिसके बाद वह बाइक से घर की तरफ ही लौट रहा था। इस बीच सरायकेला थाना अंतर्गत मेन रोड पर अज्ञात अपराधी बदमाश घात लगाकर बैठे हुए थे। जैसे ही वह उनके नजदीक पहुंचा, वैसे ही अपराधियों ने उसपर निशाना साधते हुए गोली चला दी। वहीं गोली लगते ही वह बाइक समेत जमीन पर गिर गया और बचने के लिए पैदल ही भागने लगा।
वहीं जानकारी पाकर आनन-फानन में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और वहां से जांच के क्रम में एक खोखा भी बरामद किया। जबकि पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। बताते चलें कि घायल अपराधी मो. कलीम खान कलीम कपाली मुस्लिम बस्ती के कुख्यात अपराधी कादिम खान का भाई है और वह कुछ दिनों से कपाली में रह रहा था। फिलहाल पुलिस घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों की खोज में जुटी हुई है।

