गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में मंगलवार को एक तरफा प्यार में युवक ने छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। उसकी उम्र सहज 15 साल थी और वो करीवाडीह हाई स्कूल में 9वीं क्लास में पढ़ती थी। मामला खरौंधी थाना क्षेत्र के करीवाडीह गांव का है। छात्रा दोपहर करीब साढ़े बारह बजे अपनी सहेलियों के साथ स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दौरान गड़ई टोला के पास घात लगाकर बैठे इंताज अंसारी ने उसका रास्ता रोक लिया।
छात्रा ने इसका विरोध किया तो वो छात्रा के साथ उलझ गया। यह देखकर छात्रा के सहेलियां वहां से भाग निकली और घर पहुंचकर परिजनों को सूचना दी।
पहले चाकू से वार किया फिर सीने में दाग दी 2 गोलियां
छात्रा के विरोध करने से युवक आगबबूला हो गया। उसने पहले उस पर चाकू से वार किया। जिससे लड़की का हाथ कट गया। इस दौरान छात्रा अपने बचाव के लिए संघर्ष कर रही थी। इसी बीच आरोपी ने देसी कट्टे निकाला और उसकी छाती पर ताबड़तोड़ दो गोलियां दाग दीं। लड़की की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आरोपी युवक हथियार लड़की के ऊपर ही फेंक कर फरार हो गया।
बीच बचाव के लिए दौड़ी पास की महिला पर भी आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। हालांकि महिला को चाकू लगा नहीं। आरोपी ने उस महिला को धमकी दी कि अगर उसने पुलिस को कुछ भी बताया तो वह उसे नहीं छोड़ेगा। उसके पूरे परिवार को भी मार देगा ।
एक साल पहले आपत्तिजनक हालत में पकड़े गए थे
छात्रा की दादी ने बताया कि एक साल पहले दोनों के बीच रिश्ता था। परिवार वालों ने उन्हें आपत्तिजनक हालत में देखा था। इसके बाद लड़के के परिवार से शिकायत भी की थी। लड़की ने लड़के से रिश्ता खत्म कर दिया था। इसके बाद भी लड़का उसे लगातार परेशान कर रहा था ।
युवक उस पर रिश्ता बनाए रखने लिए लगातार दबाव दे रहा था। जान से मारने की धमकी दे रहा था। छात्रा ने लड़के के परेशान करने वाली बात परिवार को बताई थी। इसके बाद लड़की के परिवार ने लड़के के परिवार से शिकायत की थी। लड़के के माता-पिता ने उसे फटकार भी लगाई थी।
इसके बाद वह नौकरी की तलाश में बाहर चला गया था। वहां से वापस लौटने के बाद वह एक बार फिर लड़की से रिश्ता रखना चाहता था। लड़की और उसके परिवार वाले इसके लिए तैयार नहीं थे। लड़का बार-बार धमकी दे रहा था कि वह लड़की को उठा ले जाएगा।
परिजनों ने पुलिस को शव उठाने से रोका, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को लड़की के परिवार के लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। परिवार वालों का कहना था कि पुलिस पहले आरोपी को गिरफ्तार करे। इसके बाद ही वह शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने देंगे। पुलिस के अधिकारियों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया इसके बाद घर वाले पोस्टमॉर्टम के लिए राजी हुए। वंशीधरनगर एसडीपीओ प्रमोद कुमार साव ने बताया कि पुलिस ने आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

