झारखंड के हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र के कंडाबेर गांव में सोमवार की सुबह एक व्यक्ति का शव कुएं से बरामद किया गया। लाश को रस्सी से बांधकर पानी में डाला गया था। मरने वाले व्यक्ति की पहचान गांव के झुबर साव के रूप में की गई है। उसकी उम्र करीब 60 वर्ष थी। पीड़ित परिवार ने जमीन विवाद में हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कुएं से निकला कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मरने वाला व्यक्ति पेशे से किसान था। रविवार की रात से घर से गायब बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर परिवार के लोगों के साथ-साथ ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई।
परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस दर्ज कर रही मामला
थाना प्रभारी ने बताया कि संदेह के आधार पर परिजनों ने नामजद मामला दर्ज कराने की बात कही है। लिखित आवेदन प्राप्त होने के बाद सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी। बताया जा रहा है कि झुबर साव का अपने गांव के ही एक व्यक्ति के साथ लंबे समय से जमीन का विवाद चल रहा था। कई बार इस मुद्दे को लेकर दोनों के बीच तकरार हो चुकी थी। परिवार के लोगों की आशंका है कि बदले की भावना से इस घटनाक्रम को अंजाम दिया गया है
कृषि पर निर्भर है परिवार
झुबर साव और उसका पूरा परिवार आर्थिक रूप से कृषि पर ही निर्भर था। लिहाजा जमीन बचाने की जद्दोजहद में अक्सर पड़ोस के लोगों से टकराव की स्थिति पैदा हो जाती थी। रविवार की शाम वह कुछ जरूरी काम से बाहर निकले। इसके बाद वापस नहीं लौटे। परिवार वालों ने पूरी रात तलाश किया। सुबह वह लापता की रिपोर्ट दर्ज कराने पुलिस के पास जाने वाले थे। इससे पहले ही पास के कुएं में लाश मिलने की सूचना आ गई। परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस की तरफ से आश्वासन दिया गया है कि मामले की जांच कर घटनाक्रम को अंजाम देने वाले दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

