हजारीबाग: चौपारण में सोमवार की सुबह सड़क दुर्घटना में दो मजदूर की मौत हो गई और 6 लोग घायल हो गए। जीटी रोड दनुआ घाटी में पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और 30 फीट नीचे खाई में जा गिरा। स्थानीय लोगों की मदद से पिकअप में सवार सभी घायलों को इलाज के लिए एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान 2 की मौत हो गई। वहीं, 6 की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी मजदूर देवघर के बसपुटिया से बिहार के शेरघाटी मजदूरी करने जा रहे थे।
इलाज के दौरान 2 की मौत, 6 का चल रहा इलाज
सामुदायिक अस्पताल में इलाज के दौरान टुनटुन तिवारी पिता गोबिंद तिवारी और शैलेश तिवारी पिता महेंद्र तिवारी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर अवस्था में हजारीबाग रेफर कर दिया गया। घायलों में शंकर तिवारी, शालिग्राम यादव, पप्पू भंडारी, राजेश यादव, मुकेश कुमार, सांडेय यादव शामिल हैं।
मजदूरी करने जा रहे थे बिहार
सभी मजदूर बसपुटिया देवघर से बिहार के शेरघाटी मजदूरी करने जा रहे थे। घायल पप्पू भंडारी ने बताया कि सोमवार की सुबह पिकअप से हम लोग हथिया बाबा मंदिर से आगे घाटी में जा रहे थे। उसी वक्त पिकअप डिवाइडर से टकरा पलटते हुए गहरी खाई में जा गिरा।

