रांची: नगर विकास विभाग ने हर एक दो किमी की परिधि में वेंडर एवं ग्राहकों की सुविधा के लिए वेंडर जोन, मार्केट बनाने का निेर्देश सभी नगर निकायों को दिया है.विभाग ने निकायों के अधिकारियों से कहा है कि वे निकाय क्षेत्र में वेंडिंग जोन, मार्केट निर्माण करायें, जिसमें शहर के सभी वेडर्स को स्थान दिया जाये. 15वें वित्त आयोग अनुदान से इसका निर्माण कराने का निर्देश नगर निकायों को दिया है.
विभागीय सचिव विनय कुमार चौबे ने कहा है कि यह प्रयास हो कि शहरी क्षेत्र में सभी फुटकर विक्रेताओं को स्थायी ठिकाना मिले. उन्हें सड़कों पर दुकान लगाकर अपने सामान बेचने को मजबूर न होना पड़े. सचिव ने 15वें वित्त आयोग अनुदान से शहरों में विकास की योजनाओं पर काम प्रारंभ करने का भी निर्देश दिया है.
नगर विकास विभाग ने सभी निकायों को इसके अलावा आश्यकता के आधार पर पार्क निर्माण भी करने को कहा है. विभाग ने 15वें वित्त आयोग की राशि से ऑटो स्टैंड बनाने, तालाब का संरक्षण, सरंक्षण, संवर्द्धन एवं जीर्णोद्धार की योजना लेने को कहा है. विद्युत शवदाह गृह का निर्माण, चौक-चौराहों पर यातायात सुगमीकरण, सौंदर्यीकरण किया जायेगा.

