जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना अंतर्गत जोजोबेड़ा पूनम अपार्टमेंट निवासी व्यवसाई सुशील कुमार की पत्नी अपनी पांच साल की बेटी समेत उसके ही गांव के रिश्ते में लगने वाले भतीजे के साथ फरार हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सुशील ने उसकी खोज-बीन की। मगर कुछ भी पता नहीं चलने पर अंततः शुक्रवार थाने में पत्नी और बच्चे का अपहरण करने का एक मामला भतीजा आलोक राज के खिलाफ दर्ज कराया है। मामले में सुशील का कहना है कि आरोपी आलोक राज उनके ही गांव गया जिले के थाना गुरुवा, गांव केवलचक का रहने वाला है।
इधर कुछ माह से आलोक राज उनके पड़ोस में ही किराए का मकान लेकर रह रहा था। जहां पता करने पर मालिक ने बताया कि वह मकान खाली कर चला गया है। सुशील का कहना है कि वह व्यवसाय के सिलसिले में अक्सर शहर से बाहर ही रहता है और 10 दिनों के बाद अपने घर गोविंदपुर लौटा था। इसी बीच यह घटना घट गई। उसने आशंका व्यक्त की है कि दोनों के बीच पहले से ही प्रेम-संबंध था। जिसके बाद दोनों योजना बनाकर एक साथ फरार हो गए। सुशील ने पुलिस को पत्नी का मोबाइल नंबर भी उपलब्ध करवाया है। जिसके माध्यम से पुलिस पत्नी और बच्चे की तलाश कर रही है। जबकि पुलिस का कहना है कि महिला और बच्चे को बरामद करने के साथ आरोपी आलोक राज को गिरफ्तार करने के लिये छापेमारी की जा रही है।
