जमशेदपुर: साकची थाना अंतर्गत गांधी घाट मेन रोड पर मंगलवार की दोपहर लगभग 2 बजे अचानक 108 एंबुलेंस में आग लग गई। जिसके बाद चालक ने अपनी सूज-बूझ से काम लेते हुए अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पा लिया। इस दौरान बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के समय एंबुलेंस में दिव्यांग बच्ची समेत सात लोग सवार थे। एंबुलेंस में आग लगने की भनक लगते ही अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। मामले में बताया जा रहा है कि 108 एंबुलेंस रांची के रिम्स अस्पताल जा रहा था और जिसपर साकची टीबी अस्पताल के पास रहने वाली 16 वर्षीय दिव्यांग सोनी कुमारी सवार थी। वहीं सोनी को एमजीएम अस्पताल से रिम्स रेफर किया गया था और साथ में उसके माता-पिता भी थे। इसके अलावा एंबुलेंस में चार लोग और सवार थे। एंबुलेंस अभी एमजीएम अस्पताल से खुलकर गांधी घाट तक पहुंची ही थी कि अचानक इंजन में आग लग गई। जिसकी भनक लगते ही चालक ने सूज-बूझ से काम लिया और अग्निशमन यंत्र का इस्तेमाल कर तत्काल आग पर काबू पा लिया। वहीं सोनी के बारे में परिजनों ने बताया कि वह जन्म से ही दिव्यांग है। बावजूद उसे पढ़ाई में रूचि है। वह राजस्थान विद्या मंदिर में 8 वीं की छात्रा भी है। उसके पिता जयकिशोर साहू जुबली पार्क गेट के पास बैलून बेचकर परिवार का भरण पोषण करते हैं। सोनी के पैर में सूजन की शिकायत है और उसका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा था। मगर ठीक ना होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया। जहां जाने के दौरान एंबुलेंस में आग लगने के बाद उसे दूसरे एंबुलेंस से रिम्स अस्पताल भेजा गया। संभवतः आशंका जताई जा रही है कि आग शार्ट सर्किट से लगी होगी।

