रांची : झारखंड के कई इलाकों में 14 और 15 नवंबर को बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने बताया है कि 12 और 13 नवंबर को मौसम शुष्क रहेगा. कई इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे. मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 14 और 15 नवंबर को पूर्वी सिंहभूम, प सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला जिले में तो वहीं राज्य के मध्य भाग में यानी कि रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग में मेघ गर्जन के साथ साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
16 नवंबर से बढ़ेगी ठंड
रिपोर्ट के अनुसार 16 नवंबर से राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ेगी. लेकिन मौसम विभाग ने ये भी बताया है कि राज्य में ठंड तो बढ़ेगी लेकिन इस दौरान अभी लोगों को कोहरे का सामना नहीं करना पड़ेगा. कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को ये सलाह दी है कि 3 से 4 दिनों के लिए वो अपनी कटी फसल को किसी सूखे स्थान में जमा कर लें जिससे बारिश होने पर फसलों को किसी तरह का नुकसान न हो. वैज्ञानिकों के मुताबिक बारिश होने से सब्जियों की फसल को नुकसान होने की संभावना सबसे ज्यादा है तो वहीं रबी फसलों के किसानों को सबसे ज्यादा फायदा होने की उम्मीद है.

